हमारे बारे मेंसंपर्कRSS
साधना न्यूज़SADHNA NEWS · हिंदी समाचार

राष्ट्रीय · स्थानीय · जनसरोकार

ब्रेकिंग न्यूज़
माखननगर में किसान महासंघ का राष्ट्रीय शिविर, 240 संगठनों ने किया मंथन

माखननगर में किसान महासंघ का राष्ट्रीय शिविर, 240 संगठनों ने किया मंथन

लेखक: admin · प्रकाशित:

माखननगर में किसान महासंघ का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर, आंदोलन की रणनीति पर मंथन

240 किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा, कलेक्टर से किसानों के मुद्दों पर हुई गंभीर चर्चा

माखननगर/नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के माखननगर ब्लॉक के ग्राम गुर्जरवाड़ा में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ का दो दिवसीय विशेष कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर के इस शिविर में देशभर के करीब 240 किसान संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। शिविर में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, कृषि नीतियों और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसी सिलसिले में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रमुख नेता शिव कुमार शर्मा ‘कक्का जी’ और मध्य प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता मीना के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की। इस दौरान किसान नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच क्षेत्र के किसानों की समस्याओं, कृषि नीतियों और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल की ओर से कोई आधिकारिक ज्ञापन या पत्र नहीं सौंपा गया। बैठक में मुख्य रूप से किसानों से जुड़े मुद्दों और उनकी समस्याओं पर चर्चा की गई।

मुक्त व्यापार समझौते को लेकर ‘कक्का जी’ का विरोध

राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रमुख नेता शिव कुमार शर्मा ‘कक्का जी’ ने केंद्र सरकार की कृषि नीतियों पर सवाल उठाए। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने मुक्त व्यापार समझौतों का विरोध करते हुए कहा कि ऐसे समझौतों से भारतीय किसानों के हित प्रभावित नहीं होने चाहिए।

‘कक्का जी’ ने विश्व व्यापार संगठन और वैश्विक व्यापार समझौतों को लेकर भी अपनी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि किसान हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन देशभर में आंदोलन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

महिला किसानों की बढ़ी भागीदारी

राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में महिला किसान कार्यकर्ताओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। मध्य प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता मीना के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 220 से अधिक महिला किसान कार्यकर्ताओं ने शिविर में हिस्सा लिया।

कलेक्टर से मुलाकात के बाद गीता मीना ने साधना न्यूज़ से बातचीत में कहा कि महिला किसान अब अपने अधिकारों की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण स्तर पर संगठन का विस्तार किया गया है और माखननगर क्षेत्र की 10 से अधिक ग्राम इकाइयों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा की गई है।

गीता मीना ने कहा कि किसानों के अधिकारों से जुड़े आंदोलन में महिला शक्ति भी पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ेगी। उन्होंने आगामी समय में जेल भरो आंदोलन और चक्काजाम जैसे आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के संकेत दिए।

ग्रामीण स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य किसानों को उनके अधिकारों और विभिन्न कृषि मुद्दों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ संगठन को ग्राम स्तर तक मजबूत करना बताया गया है। शिविर में शामिल किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने आगामी रणनीति और आंदोलन की दिशा को लेकर विचार-विमर्श किया।

किसान संगठनों की ओर से आने वाले दिनों में आंदोलन को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर अब सभी की नजर रहेगी।

@sadhnanewsbplFacebookInstagramYouTubeX
Design by Bharti Infotech · 9993475129